रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 जुलाई। नकटी मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कांग्रेस के समिति के सदस्यों की बैठक ली । इसमें निर्णय लिया कि पार्टी राज्यपाल को इस समस्या के निराकरण के लिये फिर से अनुरोध पत्र भेजेगी। कांग्रेस के विधि विभाग के 5 सदस्यों का टीम का गठन किया जा रहा है, जो कि पीडि़तों की तरफ से न्यायलीन लड़ाई का मामला तलाशेगी। पीडि़तों को वहीं पर मकान बनाकर दिया जाये, यह हमारी मांग है।नकटी के तोड़ फोड़ स्थल के आसपास का राजस्व आडिट रिपोर्ट सार्वजनिक किया जाये ताकि प्रदेश की जनता को यह पता लग सके कि किन बड़े लोगो की जमीने वहां पर है, जिनके दबाव में गरीबो के घर तोड़े गये।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष धनेंद्र साहू, शहर ग्रामीण अध्यक्ष, श्रीकुमार मेनन राजेंद्र बंजारे, पूर्व अध्यक्ष पंकज शर्मा आदि उपस्थित थे।बैज ने कहा कि नकटी प्रभावितो के मामलो में सरकार पूरी तरह से उदासीन बनी हुयी है। लगभग 1 महीने होने जा रहे है, सरकार वहां के ग्रामीणों के संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं ले पाये। राज्यपाल ने मानसून सत्र के बाद मुख्यमंत्री से बातचीत कर समाधान का भरोसा दिलाया था, लेकिन आज तक कोई भी समाधान नहीं निकला। पीडि़त इस बरसात में खुले आसमान के नीचे रहने मजबूर है। सरकार असंवेदनशील बनी हुई है।
स्मार्ट मीटर के विरोध में कल 3 घंटे का धरना प्रदर्शन
स्मार्ट मीटर के विरोध में 27 जुलाई सोमवार को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जो प्रात: 11 से दोपहर 2 बजे तक राजीव गांधी चौक पुरान फायर ब्रिगेड के पास होगा। कन्हैया अग्रवाल, मो.सिद्धिक ने कहा कि स्मार्ट मीटरों को उखाड़ कर पुराने मीटर लगाने , नए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तत्काल बंद करने और बेतहाशा बढक़र आए बिजली बिलों में सुधार की करने की मांग की जाएगी।
इधर कांग्रेस का कहना है कि स्मार्ट मीटर के कारण बिजली की खपत से ज्यादा रीडिंग आ रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जनता परेशान है, आम परिवारों की जितनी कमाई नहीं है, उससे ज्यादा महीने का बिजली बिल आ रहा है, लोगों का औसत बिल पहले की तुलना में तीन गुना तक बढक़र आ रहा है, खपत लगभग वही है फिर बिजली बिल के नाम पर वसूली अधिक क्यों? अडानी का स्मार्ट मीटर और सरकार की हठधर्मिता आम जनता पर कहर साबित हो रहा है।
भाजपाई, कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे का षडयंत्र कर रहे-बैज
रायपुर, 26 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर सहित देश भर में मोदी के खिलाफ बने वातावरण से भाजपा बौखला गयी है। कल महिला आयोग अध्यक्ष ने हमारे दो नेताओं सुरेन्द्र वर्मा तथा भाटापारा के संजय बघेल के खिलाफ तीन दिन में कार्यवाही करने का निर्देश पुलिस को दिया है। बैज ने पूछा कि हमारे नेताओं ने ऐसा क्या किया है, जो उनका पक्ष सुने बिना महिला आयोग ने कार्यवाही के निर्देश दिया है। सुरेन्द्र वर्मा ने दिल्ली के जंतर मंतर में लाखो की संख्या में जो बच्चे प्रोटेस्ट कर रहे थे, उन पर दमन पूर्वक की गयी कार्यवाही का विरोध किया, छात्राओ और महिलाओं के साथ हुई पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ सोशल मीडिया में चल रहे प्रतीकात्मक फोटो को पोस्ट किया है, जो कि वहां की हकीकत है, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित तमाम सोशल मीडिया देश की बेटियो के साथ किये गये अत्याचार के वीडियो और फोटो से भरे पड़े है। महिला आयोग को तो दिल्ली पुलिस को नोटिस देना चाहिये। वह हमारे नेता के खिलाफ कार्यवाही करने निर्देश दे रही। आयोग की अध्यक्ष जान ले, अब वे संवैधानिक पद पर हैं, भाजपा की नेता नहीं, पद की मर्यादा का ख्याल रखे।