रायपुर

पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले को 7 साल जेल
25-Jul-2026 7:49 PM
पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले  को 7 साल जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 जुलाई। पंचम अपर सत्र न्यायाधीश नरेंद्र कुमार की अदालत ने विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में  फैसला सुनाते हुए संजय कुमार साहू को दोषी ठहराया है। न्यायालय ने उसे धारा 306 के तहत 7 साल सश्रम कारावास और 500 रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर दो माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

अतिरिक्त लोक अभियोक रितेश अवस्थी ने बताया कि मृतका दंतेश्वरी साहू की शादी फरवरी 2023 में संजय कुमार साहू से हुआ था। विवाह के बाद वह अपने पति और सास के साथ ग्राम मुर्रा, भाठापारा धरसींवा में रह रही थी। इस बीच पति संजय कुमार साहू पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इस बात को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताडि़त करता था। इस संबंध में सामाजिक बैठक भी हुई थी, जिसमें पति ने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी थी। लेकिन इसके बाद भी प्रताडऩा जारी रहा। इस बीच लगातार प्रताडऩा से परेशान होकर दंतेश्वरी साहू ने 3 जुलाई 2023 को अपने घर के किचन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। विवेचना में मृतका के लिखे गए सुसाइड नोट, पति द्वारा लिखा गया माफीनामा जब्त किया गया। पोस्टमार्टम, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।

न्यायालय ने अभियोजन द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को सही मानते हुए आरोपी संजय कुमार साहू को सात साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई। इसी मामले में सास संतोषी बाई साहू को बरी कर दिया गया।


अन्य पोस्ट