रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जुलाई। पेपर लीक मामले पर देशभर में चल रहे आंदोलन के बीच कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की है। इस कड़ी में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 28 तारीख को यहां आ रहे हैं। वो यहां धरने में शामिल होंगे। इससे परे पार्टी हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष, और नेता प्रतिपक्ष को दिल्ली बुलाया है।
पेपर लीक मामले पर केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी कांग्रेस मुद्दे को किसी न किसी रूप में जारी रखना चाहती है। राजधानी रायपुर में धरना आयोजित किया गया है। इसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शिरकत करेंगे।
बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को 29 को दिल्ली बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में पायलट के अलावा प्रभारी महामंत्री केसी वेणुगोपाल, और अन्य नेता शिरकत कर सकते हैं। यही नहीं, प्रदेश के प्रमुख नेताओं पूर्व सीएम भूपेश बघेल, और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी बैठक में रहेंगे। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी भी बैठक में शामिल हो सकते हैं। यह सिर्फ छत्तीसगढ़ के विषयों को लेकर बुलाई गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बैठक में संगठन में नियुक्तियां और अन्य विषयों पर भी बात हो सकती है।