रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जुलाई। छत्तीसगढ़ में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत अतिथि शिक्षकों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दिया है। दुर्ग में आयोजित प्रेसवार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल आंदोलन वापस लिया जा रहा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 5 सितंबर तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो शिक्षक फिर से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे।
अतिथि शिक्षकों ने कहा कि वे वर्षों से प्रदेश के दूरस्थ, आदिवासी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उनका कहना है कि ‘समान काम, समान वेतन’, 12 महीने का वेतन, मातृत्व अवकाश और अन्य कर्मचारी सुविधाएं अब तक नहीं मिल रही हैं।
प्रेसवार्ता में शिक्षकों ने बताया कि सरकार की ओर से वेतन वृद्धि, 13 आकस्मिक अवकाश (सीएल) तथा भविष्य में नियमितीकरण की दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया है। इसी भरोसे के आधार पर संगठन ने फिलहाल अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है।
हालांकि, अतिथि शिक्षकों ने आंदोलन के दौरान हुई पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर दबाव बनाया गया और कई स्थानों पर छह महीने तक हड़ताल नहीं करने का बॉन्ड भरवाया गया, जिसकी संगठन ने कड़ी निंदा की।
संगठन ने कहा कि उनका आंदोलन फिलहाल स्थगित किया गया है, समाप्त नहीं माना जाना चाहिए। यदि 5 सितंबर तक सरकार ने लिखित और ठोस निर्णय नहीं लिया तो शिक्षक दिवस के बाद फिर से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इससे पहले गुरुवार को डीपीआई ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षकों को 27 जुलाई तक हर हाल में स्कूलों में वापस लौटने के लिए कहा जाए। यदि तय समय सीमा तक वे काम पर नहीं लौटते हैं, तो उनके स्थान पर वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था लागू की जाएगी।डीपीआई ने आज जारी आदेश में कहा था कि कहा है कि छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में शिक्षण कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। इसी कारण संबंधित शाला प्रबंधन समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे हड़ताली अतिथि शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें निर्धारित तिथि तक कार्य पर वापस आने के लिए कहें।
आदेश में साफ कहा गया है कि यदि अतिथि शिक्षक 27 जुलाई तक स्कूलों में कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं, तो विभाग पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार उनके स्थान पर वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।