रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जुलाई। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, ने मुख्य सचिव विकासशील और सचिव सामान्य प्रशासन, वित्त स्कूल शिक्षा को ज्ञापन प्रेषित कर मांग की है कि विभागीय टीप के नाम पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पेंशन रोकने अथवा पेंशन प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने की अवैधानिक प्रथा पर तत्काल रोक लगाई जाए।
महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव एवं प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी ने संयुक्त रूप से कहा कि वित्त विभाग द्वारा वर्ष 2021 एवं 2026 में जारी पेंशन संबंधी निर्देशों में कहीं भी विभागीय टीप के आधार पर पेंशन रोकने या लंबित रखने का कोई प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद अनेक विभाग, विशेषकर स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग में, इस आधार पर पेंशन प्रकरणों का निराकरण नहीं किया जा रहा है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारी आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वित्त विभाग की सरलीकृत व्यवस्था न जांच, न मांग एवं न घटना प्रमाण-पत्र के माध्यम से पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण का स्पष्ट निर्देश देती है। ऐसे में विभागीय टीप के आधार पर पेंशन रोकना न केवल वित्त विभाग के निर्देशों के विपरीत है, बल्कि विधिसम्मत प्रक्रिया का भी उल्लंघन है।
महासंघ ने अपने ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के उन निर्णयों का भी उल्लेख किया है, जिनमें स्पष्ट किया गया है कि पेंशन कोई अनुग्रह नहीं, बल्कि कर्मचारी का अर्जित एवं वैधानिक अधिकार है। अत: केवल किसी विभागीय टिप्पणी के आधार पर इसे रोका नहीं जा सकता।
महासंघ ने शासन से मांग की है कि सभी विभागों को तत्काल स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि केवल विभागीय टीप के आधार पर किसी भी कर्मचारी की पेंशन अथवा पेंशन संबंधी लाभ नहीं रोके जाएंगे।