रायपुर

अब चुनाव कार्यालयों में 18 वर्ष से कार्यरत कर्मियों की सेवा समाप्त कर प्लेसमेंट नियुक्ति की तैयारी
23-Jul-2026 7:59 PM
अब चुनाव कार्यालयों में 18 वर्ष से कार्यरत कर्मियों की सेवा समाप्त कर प्लेसमेंट नियुक्ति की तैयारी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 जुलाई। छत्तीसगढ़ राज्य में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छग द्वारा प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर एजेंसी ठेकेदार व प्लेसमेंट से नियुक्ति का फरमान जारी किया है। सहायक ग्रेड 3, भृत्य, डाटा एंट्री ऑपरेटर, जैसे अल्प वेतन भोगी कर्मचारी बीते 17-18 वर्ष में  हुए लोकसभा, विधानसभा चुनाव में दिन रात मेहनत कर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब इन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति के बाद जीवन मरण का प्रश्न उत्पन्न हो गया है।

कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि पूरे प्रदेश में लगभग 18 वर्षों से 90 तृतीय, चतुर्थ वर्ग, कर्मचारी कार्यरत थे। इनमें से आधे कर्मचारियों को संविदा कर्मचारियों तथा आधे को अस्थाई कर्मचारी घोषित कर 18 वर्ष से सभी निर्वाचन लोकसभा, विधानसभा, नगर पालिका, नगर निगम, स्थानीय निर्वाचन में 24 घंटा सेवाएं लेते रहे हैं। अब फरवरी माह के बाद प्रतिवर्ष उनकी सेवा वृद्धि का आदेश जारी न कर चार माह से लगभग बिना वेतन के इस उम्मीद में कार्य कर रहे थे कि उनकी सेवाओं में भर्ती होगा?। श्री झा ने बताया है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संविदा कर्मचारियों के सेवा अवधि में वृद्धि करते हुए अस्थाई कर्मचारियों की सेवाएं अप्रत्यक्ष रूप से समाप्त करने का निर्णय लेते हुए उन्हें एजेंसी प्लेसमेंट ठेकेदारों के माध्यम से नियुक्ति करने का फरमान जारी किया है। पूरे प्रदेश में 59 कर्मचारी संविदा हैं जिनकी सेवाएं 1 मार्च से आगामी 1 वर्ष के लिए वृद्धि की गई है वही 31 कर्मचारी जो अस्थाई कर्मचारी हैं, उनकी नियुक्ति प्लेसमेंट ठेका प्रथा सेवा दाताके माध्यम से करने का निर्णय लिया गया है श्री झा ने कहा है कि विपक्ष में रहते हुए प्लेसमेंट ठेका प्रथा बंद करने वाली सरकार द्वारा प्लेसमेंट ठेका प्रथा में नियुक्ति का विरोध करने वाले नेता अब सत्ता में है, उन्हें तत्काल इस आदेश को वापस लेने की मांग मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ से की है।


अन्य पोस्ट