रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जुलाई। बैंक राष्ट्रीयकरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन ने नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड रायपुर की छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म वितरित कर ब्रेल सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। बैंक पदाधिकारियों ने संस्था प्रबंधन से छात्राओं की शैक्षणिक आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। संस्था की मांग पर तत्काल सहयोग का निर्णय लेते हुए ब्रेल पेपर हेतु आर्थिक सहायता प्रदान कर 15 ब्रेल किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। एनएबी की ओर से श्री तिवारी एवं वार्डन श्रीमती भगवती उपस्थित रहीं। वहीं बैंक एसोसिएशन के अध्यक्ष ओम वर्मा, चेयरमैन शिरीष नलगुंडवार, उप महासचिव अनुपम एक्का, वरिष्ठ साथी बिष्ट, एस के अग्रवाल, मनमीत एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।