रायपुर

फिर मानसून सक्रिय, अगले पांच दिन बारिश
21-Jul-2026 8:10 PM
फिर मानसून सक्रिय, अगले पांच दिन बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जुलाई।
 मौसम विभाग ने 21 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस बीच राजधानी में मंगलवार दोपहर बाद तेज बारिश हुई। विभाग ने आने वाले दिनों में कई जगहों  पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और सरगुजा संभाग सहित प्रदेश के उत्तर एवं मध्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की है। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 24 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण आने वाले दिनों में इस कमी की काफी हद तक भरपाई हो सकती है।
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 26 जुलाई तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी। अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी से अति-भारी वर्षा होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में बारिश का असर अधिक रहने का अनुमान है।
अब तक 356.2 मिमी वर्षा दर्ज
 राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग  से 21 जुलाई की स्थिति में जारी आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 356.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो कि इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा 408.7 मिलीमीटर का 87.1 प्रतिशत है। बीते 24 घंटों में पूरे राज्य में औसतन 21.7 मिलीमीटर पानी गिरा है, जिसमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला 69.4 मिलीमीटर बारिश के साथ सबसे आगे रहा है।
सत्र की कुल बारिश के लिहाज से मैदानी और मध्य-छत्तीसगढ़ के जिलों में स्थिति काफी बेहतर बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला 576.7 मिलीमीटर बारिश के साथ पूरे प्रदेश में शीर्ष पर बना हुआ है, जो कि अपनी सामान्य औसत बारिश का रिकॉर्ड 181.4 प्रतिशत है। इसके बाद जांजगीर-चांपा में 512.0 मिलीमीटर (120.4 प्रतिशत), बलौदाबाजार में 453.4 मिलीमीटर (119.7 प्रतिशत), बिलासपुर में 440.5 मिलीमीटर (114.1प्रतिशत), महासमुंद में 427.3 मिलीमीटर (112.4प्रतिशत), मुंगेली में 417.7 मिलीमीटर (110.4 प्रतिशत) और रायपुर में 395.7 मिलीमीटर (112.6 प्रतिशत) वर्षा दर्ज की गई है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में भी स्थिति काफी संतोषजनक है। जहाँ अब तक 391.8 मिलीमीटर पानी गिर चुका है, जो सामान्य औसत का 160 प्रतिशत है। इसके अलावा गरियाबंद में 435.7 मिमी, सक्ती में 419.8 मिमी, कोरबा में 409.7 मिमी, दुर्ग में 357.7 मिमी, कोरिया में 356.0 मिमी, रायगढ़ में 353.3 मिमी, बालोद में 347.7 मिमी, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 337 मिमी और सूरजपुर में 313 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।


अन्य पोस्ट