रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जुलाई। प्रदेश युवक कांग्रेस के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव के समर्थकों के बीच मुकाबले के संकेत मिल रहे हैं।
प्रदेश युवक कांग्रेस चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए करीब एक दर्जन, महासचिव पद के लिए लगभग 250, जबकि जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव और विधानसभा अध्यक्ष पदों के लिए बड़ी संख्या में दावेदार मैदान में हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के पुत्र आदित्य भगत, कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील और महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की दावेदारी कमजोर पड़ गई है। आदित्य भगत की उम्र 35 वर्ष से अधिक होने के कारण वे पात्रता की शर्त पूरी नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि उन्होंने आयु सीमा में छूट के लिए आवेदन दिया है, लेकिन इसकी संभावना कम बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक देवेन्द्र यादव खेमे ने बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला पंचायत सदस्य शैलेन्द्र बंजारे को अपना प्रमुख उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पूर्व सीएम भूपेश बघेल की ओर से आरंग के सत्येन्द्र चेलक का नाम आगे बढ़ाया गया है।
बताया जा रहा है कि देवेन्द्र यादव अपने समर्थक शैलेन्द्र बंजारे के पक्ष में सक्रिय हो गए हैं। दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी नेता भी सत्येन्द्र चेलक के समर्थन में चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने फिलहाल इस चुनाव को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई सक्रियता नहीं दिखाई है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए प्रशांत बोकाड़े, हनी बग्गा सहित कुछ अन्य नाम भी चर्चा में हैं। युवक कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया 25 जुलाई के बाद शुरू होने की संभावना है। चुनाव में वही सदस्य मतदान कर सकेंगे और उम्मीदवार बन सकेंगे, जिनका जन्म 25 मई 1990 के बाद हुआ है। अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश अध्यक्ष पद की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।