रायपुर

विकास कार्यों के साथ स्वच्छता का संकल्प
20-Jul-2026 5:21 PM
विकास कार्यों के साथ स्वच्छता का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 जुलाई। रायपुर पश्चिम विधानसभा के वीर शिवाजी वार्ड 16 में रविवार को विकास और जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही क्षेत्र में लगभग 40 लाख रुपए की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनसंकल्प रखा गया।

कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

इस दौरान गायत्री प्रज्ञा पीठ में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, खमतराई बाजार स्थित आंगनबाड़ी एवं प्रथम तल पर जिम भवन निर्माण, तथा सतनाम भवन के समीप ग्रंथालय एवं योग कक्ष निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं से शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता जनसंकल्प रहा, जहां सैकड़ों नागरिकों ने शपथ ली। यसथ्स ही निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का ही उपयोग करेंगे। साथ ही उन्होंने अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास केवल भवनों और सडक़ों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का भाव विकसित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग घर का कचरा नालियों में डालेंगे तो जलभराव, गंदगी और बीमारियों की समस्या कभी खत्म नहीं होगी। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने और हर परिवार से निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी का उपयोग करने की अपील की।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम ने घर-घर कचरा संग्रहण की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई है। अब प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इसका सही उपयोग करे। उन्होंने कहा कि नालियों में फेंका गया कचरा पूरे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करता है और स्वच्छ रायपुर का सपना तभी साकार होगा, जब नागरिक नगर निगम के साथ सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।


अन्य पोस्ट