रायपुर

ऑनलाइन ठगी से बचाने लोगों को किया जागरूक
20-Jul-2026 5:19 PM
ऑनलाइन ठगी से बचाने लोगों को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 जुलाई। जी.ई. रोड स्थित महावीर उद्यान में ऑनलाइन साइबर ठगी से बचाव के लिए विशेष साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शारीरिक एवं मानसिक तनाव प्रबंधन के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।

जुम्बा ट्रेनर संतोष कुमार साहू ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी ऑनलाइन डीलरशिप, ट्रेडिंग, फर्जी लॉटरी, इनाम जीतने का झांसा, बैंक अधिकारी बनकर ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक पासवर्ड मांगने जैसे कई तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा रिश्तेदार के अस्पताल में भर्ती होने जैसी झूठी आपातकालीन परिस्थितियां बताकर भी लोगों से पैसे ऐंठे जाते हैं। उन्होंने नागरिकों से ऐसे किसी भी लालच या दबाव में न आने और सतर्क रहने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि के दौरान घबराने या जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय धैर्य रखें, स्थिति को समझें और आवश्यकता पडऩे पर तत्काल नजदीकी साइबर पुलिस थाने में शिकायत करें। साथ ही इस प्रकार की घटनाओं की जानकारी अपने परिचितों और आसपास के लोगों से साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर साइबर अपराधों से बच सकें।

कार्यक्रम में सेना के जवान आलोक वर्मा, व्यापारी संदीप अग्रवाल, प्रेम साहू, कृति मिश्रा, ख्वाहिश परसवानी, नाग, विनोद रात्रे, अनिता कन्नौजिया, कृष्णा साहू सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राएं  उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट