रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जुलाई। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर हुई तेज बारिश से मौसम सुहावना हो गया। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा मनेन्द्रगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर, जबकि मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, बलौदाबाजार, पलारी और भाटापारा सहित कई क्षेत्रों में 4 सेंटीमीटर तथा कुकदुर, मनोरा, पेंड्रा रोड, धमतरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी सहित अनेक स्थानों पर 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई। मौसम विभाग ने सोमवार सुबह राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में अगले तीन घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मानसूनी बारिश के बीच धान की रोपाई में जुटे किसान
जुलाई माह में अच्छी बारिश होने से खरीफ सीजन की बुआई की शुरुआत पूरे प्रदेश में हो गई है। भरपूर एवं समृद्ध फसल की उम्मीद के साथ किसान खेती की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया को गति दे रहे हैं।