रायपुर

मुंगेली की जर्जर सडक़ों का मामला विधानसभा में उठा
16-Jul-2026 7:01 PM
मुंगेली की जर्जर सडक़ों का मामला विधानसभा में उठा

मंत्री ने कहा-कई सडक़ों के नवीनीकरण का बजट स्वीकृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जुलाई। मुंगेली विधानसभा क्षेत्र की प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना और मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ एवं विकास योजना के तहत बनी जर्जर सडक़ों का मुद्दा विधानसभा में ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया गया। विधायक पुन्नूलाल मोहले ने क्षेत्र की 18 प्रमुख सडक़ों की खराब स्थिति का मामला उठाते हुए कहा कि अधिकांश सडक़ों का निर्माण 5 से 10 वर्ष पहले हुआ था और मरम्मत नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि सूचीबद्ध 18 सडक़ों में से 6 सडक़ें प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, 10 सडक़ें मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ एवं विकास योजना तथा 2 सडक़ें लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं। इनमें वर्ष 2026-27 के बजट में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की एक तथा मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ एवं विकास योजना की तीन सडक़ों के नवीनीकरण को स्वीकृति मिल चुकी है और इन पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि कई सडक़ों का नियमित संधारण किया जा रहा है और कुछ सडक़ें अभी संधारण अवधि में होने के कारण उनकी स्थिति संतोषजनक है। वहीं जिन सडक़ों की मरम्मत या नवीनीकरण आवश्यक है, उनका कार्य बजट उपलब्धता के आधार पर कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की सडक़ों पर भी शीघ्र मरम्मत शुरू करने की बात कही गई।

जवाब में यह भी कहा गया कि अधिकांश सडक़ों का निर्माण 5 से 10 वर्ष पूर्व हुआ है, लेकिन विभाग के अनुसार इन मार्गों पर आवागमन सुचारु है। विभाग के पास सडक़ दुर्घटनाओं या नागरिकों में भारी रोष एवं असंतोष की कोई जानकारी नहीं है। नवीनीकरण का कार्य बजट उपलब्धता के अनुसार कराया जाएगा।

कामधेनु विश्वविद्यालय में अनियमितता का मामला उठा

रायपुर, 16 जुलाई। कामधेनु विश्वविद्यालय अंजोरा में उपकरण खरीदी में अनियमितता का मामला विधानसभा में उठा। भाजपा सदस्य ललित चंद्राकर के सवाल के जवाब में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि शिकायतों का परीक्षण कराया जाएगा, और जांच होगी।


अन्य पोस्ट