रायपुर

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला विस में गूंजा, 11 आरोपी गिरफ्तार
15-Jul-2026 6:59 PM
इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला विस में गूंजा, 11 आरोपी गिरफ्तार

तीन वनकर्मी निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 जुलाई। विधानसभा के मानसून सत्र में बुधवार को इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार और उनकी खाल की तस्करी का मामला जोरदार ढंग से उठा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित विपक्षी विधायकों ने सरकार पर बाघ संरक्षण में लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार वन्यजीव संरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए  नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायक विक्रम मंडावी और शेषराज हरबंश ने यह मामला उठाया। डॉ. महंत ने कहा कि बस्तर में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद वन्यजीव तस्कर सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इंद्रावती टाइगर रिजर्व में हाल के महीनों में कई बाघों का शिकार हुआ और उनकी खाल बरामद की गई। उन्होंने यह भी कहा कि वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की चेतावनी के बावजूद वन विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सका।

इसके जवाब में वन मंत्री केदार कश्यप ने विपक्ष के कई आरोपों को तथ्यों से परे बताया। उन्होंने कहा कि 29 जून 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीम ने कांकेर जिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो बाघों की खाल जब्त की। आरोपियों से पूछताछ के बाद नेतीवाड़ा गांव में चलाए गए सर्च अभियान में एक और बाघ की खाल, शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदे, चाकू, दो नाखून और चार कैनाइन दांत भी बरामद किए गए।

वन मंत्री ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर पासेवाड़ा रेंज के रेंजर कमल सिंह कश्यप, उपवनक्षेत्रपाल नरहरी सिंह बघेल और वनरक्षक विश्वनाथ मांझी को निलंबित कर दिया गया है।

सरकार ने सदन को यह भी बताया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच बाघ शिकार और तस्करी से जुड़े पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें छह बाघों की खाल जब्त की गई है। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई है।

वन मंत्री ने कहा कि जंगलों में शिकार रोकने के लिए नियमित रूप से एंटी-स्नेयर वॉक, गश्त और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं तथा सरकार बाघों सहित सभी वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।


अन्य पोस्ट