रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जुलाई। छत्तीसगढ़ में अवैध खैर (खैर) लकड़ी की तस्करी के विरुद्ध वन विभाग ने कार्यवाही करते हुए इस मामले के कथित लकड़ी तस्कर मनीष अग्रवाल के गोदाम पर छापामार कार्यवाही करते हुए सैकड़ों क्यूबिक मीटर लकड़ी बरामद की गई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लगभग दो ट्रकों से अधिक खैर की लकड़ी जब्त की गई तथा संबंधित गोदाम को विधिवत सील कर दिया गया। खैर की लकड़ी से कत्था तैयार किया जाता है, जिसकी विभिन्न राज्यों एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मांग रहती है। प्रारंभिक जांच में इस लकड़ी को हरियाणा भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच वन विभाग द्वारा की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि लगभग पाँच वर्ष पूर्व भी वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा मनीष अग्रवाल से संबंधित एक ट्रक अवैध लकड़ी सहित जब्त किया गया था, जिस पर राजसात की कार्रवाई की गई थी। उस प्रकरण में संबंधित आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भी भेजा गया था।
मनीष अग्रवाल का नाम पूर्व में वन्यजीव अपराधों में सामने आ गया है जिसमें तेंदुए की खाल के अवैध व्यापार से जुड़े आरोप भी शामिल रहे हैं। इन मामलों में जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया संबंधित सक्षम प्राधिकारों के अधीन रही है।