रायपुर

शिवसेना का 43वां स्थापना दिवस आज
14-Jul-2026 8:41 PM
शिवसेना का 43वां स्थापना दिवस आज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ में शिवसेना आज अपना 43वां स्थापना दिवस मनाएगी। संगठन के अनुसार 14 जुलाई 1984 को छत्तीसगढ़ में शिवसेना के संगठन का गठन किया गया था। स्थापना के बाद से संगठन छत्तीसगढिय़ों के अधिकार, सम्मान और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रूप से आंदोलन और अभियान चलाता रहा है।

शिवसेना के प्रदेश महासचिव रेशम जांगड़े ने बताया कि प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की मांग को लेकर भोपाल, दिल्ली सहित कई स्थानों पर आंदोलन और प्रदर्शन किए गए। इस दौरान दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मोर्चा भी निकाला गया, जिसने छत्तीसगढ़ी अस्मिता और स्वाभिमान के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि नगरनार इस्पात संयंत्र के निजीकरण के विरोध में रायपुर से बस्तर के नगरनार तक विशाल मोर्चा निकाला गया। इस आंदोलन के माध्यम से संयंत्र के निजीकरण का विरोध करते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और क्षेत्रीय हितों की रक्षा की मांग की गई।

रेशम जांगड़े के अनुसार, शिवसेना ने हिंदू राष्ट्र की मांग, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध तथा अन्य हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन आयोजित किए हैं। इसके अलावा किसान, मजदूर, युवा, महिला तथा धार्मिक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी संगठन लगातार सक्रिय रहा है। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रेशम जांगड़े, प्रदेश सचिव एच.एन. सिंह पलिवाल तथा प्रदेश समन्वयक कृष्ण यादव ने संगठन के कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।


अन्य पोस्ट