रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 जुलाई। राजधानी से लगे मंदिर हसौद और पंडरी इलाके में बीते दिनों दो जगहों पर चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर सूने मकानों का ताला तोडक़र एक लाख के नगदी और सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 331-4 का अपराध दर्ज किया है। मंदिर हसौद पुलिस के मुताबिक ग्राम बाहनाकाड़ी पटेलपारा निवासी श्रीमती विशाखा ने पुलिस को बताया कि वह घरेलू कामकाज करती हैं। वह स्वयं अलग कमरे में निवास करती हैं। पास में ही उनकी वृद्ध मां का घर है, जहां वह रोज रात में उनकी देखभाल के लिए सोने चली जाती थीं।
इसी दौरान 12 जुलाई की रात 9 बजे उन्होंने अपने कमरे में ताला लगाकर मां के घर चली गई थीं। अगले दिन सुबह 9 बजे वापस लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर से सोने-चांदी के जेवर सहित नकदी गायब थे। चोरी हुए सामान में एक जोड़ी चांदी की साटी, एक जोड़ी चांदी की ऐंठी, सोने का मंगलसूत्र हार,चांदी की चेन और 20 हजार नकदी नहीं थे। चोरी गए सामान की कीमत 95 हजार रुपए बताई गई है।दूसरी घटना पंडरी के आदर्श नगर मोवा की है। पिल्लेश्वर ने पुलिस को बताया कि वह कृषि कार्य करता हैं। 4 जुलाई का परिवार सहित वह अपने साले की बेटी की शादी में शामिल होने अहमदाबाद (गुजरात) गए थे। घर में ताला लगाकर सभी सदस्य बाहर चले गए थे। 12 जुलाई की शाम 4 बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजों के ताले भी टूटे थे और आलमारी खुली हुई थी।
जांच करने पर आलमारी में रखे दो चांदी के कड़े, मोबाइल फोन नहीं थे। चोरी गए सामान की कीमत 10 हजार 590 रुपए आंकी गई है।
दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।