रायपुर

हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 3 बाइक सहित स्कूटी बरामद
14-Jul-2026 7:18 PM
 हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की 3 बाइक सहित स्कूटी बरामद

चोरी और डकैती सहित 15 से अधिक मामले दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जुलाई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की तीन बाइक सहित कुल चार वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई गई है।

पुलिस मुताबिक शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से वाहन चोरों की तलाश कर रही थी।

इसी दौरान सूचना मिली कि खरोरा का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू लगातार अलग-अलग दोपहिया वाहनों का उपयोग कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे टीवीएस ड्रीम योगा मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर पंडरी स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी की थी। दोनों भाई अपनी बाइक से विभिन्न इलाकों की रेकी कर दो अन्य दोपहिया वाहन भी चोरी कर चुके हैं। चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए वे उनकी नंबर प्लेट भी बदल देते थे।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू 26 खरोरा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, चोरी और डकैती सहित 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में दर्ज बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।


अन्य पोस्ट