रायपुर

बेरोजगारी भत्ता और नियमितीकरण की मांग को लेकर यूथ विंग चलाएगी हस्ताक्षर अभियान
14-Jul-2026 7:12 PM
बेरोजगारी भत्ता और नियमितीकरण की मांग को लेकर यूथ विंग चलाएगी हस्ताक्षर अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जुलाई। आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाते हुए अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण और बेरोजग़ार युवाओं को बेरोजग़ारी भत्ता देने की मांग की है। पार्टी ने घोषणा की है कि इन मांगों को लेकर उसकी यूथ विंग 1 अगस्त से प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी।

रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता तेजेंद्र तोड़ेकार, कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय झा, प्रदेश प्रवक्ता जयदीप खनूजा और प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने कहा कि सरकार अनियमित कर्मचारियों और बेरोजग़ार युवाओं के साथ वादाखिलाफी कर रही है। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान 100 दिनों में नियमितीकरण का वादा किया गया था, लेकिन अब तक उस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पार्टी नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में 7.30 लाख से अधिक अनियमित कर्मचारी वर्षों से विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें नियमित करने के बजाय केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम मानदेय वाले कर्मचारियों के लिए घोषित 4,000 रुपये मासिक विशेष भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है। साथ ही न्यूनतम वेतन और संविदा कर्मचारियों के वेतन में लंबे समय से संशोधन नहीं होने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

आम आदमी पार्टी ने बेरोजग़ारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के रोजगार कार्यालयों में 14.62 लाख से अधिक बेरोजग़ार पंजीकृत हैं और हर वर्ष करीब दो लाख नए बेरोजग़ार जुड़ रहे हैं। ऐसे में सरकार न तो पर्याप्त रोजगार उपलब्ध करा पा रही है और न ही बेरोजग़ारी भत्ता देने की अपनी घोषणा पूरी कर रही है।


अन्य पोस्ट