रायपुर

16 को रथयात्रा राज्यपाल और मुख्यमंत्री निभाएंगे छेरा पहरा की परंपरा
14-Jul-2026 7:09 PM
16 को रथयात्रा राज्यपाल और मुख्यमंत्री निभाएंगे छेरा पहरा की परंपरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जुलाई। राजधानी के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथयात्रा 16 जुलाई को धार्मिक आस्था, वैदिक परंपराओं और भव्यता के साथ निकलेगी। रथयात्रा से पहले 14 जुलाई की शाम 6 बजे भगवान का नेत्रोत्सव आयोजित होगा।  जिसके बाद 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए मंदिर समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एंव विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा भक्त और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में केवल इसी अवसर पर भगवान अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को दर्शन देते हैं। यह आयोजन छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सांस्कृतिक एकता तथा सनातन परंपरा का प्रतीक भी है।

श्री मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा के दिन 11 वैदिक पंडितों द्वारा विशेष अभिषेक, पूजन और हवन कराया जाएगा। चंदन, केसर, कस्तूरी और कपूर सहित सुगंधित द्रव्यों से भगवान का दिव्य स्नान कराया जाएगा तथा गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा।

परंपरा के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से छेरा पहरा की सेवा करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। रथयात्रा के दौरान महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां और पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।


अन्य पोस्ट