रायपुर

ओडिशा से गांजा लेकर पहुंचे तीन तस्कर गिरफ्तार
13-Jul-2026 7:20 PM
ओडिशा से गांजा लेकर पहुंचे तीन तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जुलाई। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 किलोग्राम से अधिक गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव मैदान बस स्टैंड के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया और उनके बैगों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान तीनों के अलग-अलग बैग से कुल 10.226 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कपिल कटारिया, महेश दुबे और नीरज शर्मा बताए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आए थे और बस के माध्यम से अपने गंतव्य की ओर रवाना होने की तैयारी में थे। बरामद गांजा और दो मोबाइल फोन सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 12 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—कपिल कटारिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी आठ मल्ला कॉलोनी, मॉडल टाउन, पानीपत (हरियाणा), महेश दुबे, उम्र 32 वर्ष, निवासी आईटीआई कॉलोनी, नैनी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश), नीरज शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी भोगपुर, खैर, अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश)।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट