रायपुर

खुले गड्ढों से बच्चों की जान को खतरा, आयोग के सख्त निर्देश
12-Jul-2026 8:22 PM
खुले गड्ढों से बच्चों की जान को खतरा, आयोग के सख्त निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,12 जुलाई। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने प्रदेश में खुले गड्ढों और निर्माणाधीन स्थलों के कारण बच्चों की हो रही दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई है। आयोग के  पत्र पर नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी कलेक्टरों तथा नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों को तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने कहा है कि कई स्थानों पर निर्माण कार्यों के लिए खोदे गए गड्ढे खुले छोड़ दिए जाते हैं।  बारिश के दौरान नालियों के ढक्कन हटने या बह जाने से भी बच्चे इनमें गिरकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। इसे बच्चों के जीवन के अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए आयोग ने तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।

आयोग ने निर्देश दिए हैं कि नगरीय क्षेत्रों में विशेष सर्वे अभियान चलाकर खुले गड्ढों, नालियों और निर्माणाधीन स्थलों की पहचान की जाए। ऐसे स्थानों को तत्काल भरने या उनके चारों ओर बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा लगाने की व्यवस्था की जाए। सभी निर्माण एजेंसियों और आवासीय कॉलोनियों को भी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश जारी किए जाएं। संवेदनशील निर्माण स्थलों पर चौकीदार या सुरक्षा कर्मी तैनात कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का उद्देश्य बच्चों के जीवन की रक्षा करना है और सभी संबंधित विभागों को इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट