रायपुर
रायपुर, 12 जुलाई। रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 9 ने महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 8 में डेकथलान के समीप मार्ग पर नाले के ऊपर बनाए गए अवैध पाटे को जेसीबी की मदद से हटाकर नाले की सफाई कराई। यह कार्रवाई क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने और जल निकासी को सुचारु बनाने के उद्देश्य से की गई।
बताया गया कि जोन 9 के स्वास्थ्य विभाग ने यह अभियान चलाया। जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बारोन बंजारे, उमेश नामदेव तथा स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी की मौजूदगी में अवैध पाटा हटाया गया।
निगम अधिकारियों ने बताया कि नाले पर अवैध निर्माण के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था और बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन रही थी। अवैध पाटा हटाने के बाद नाले की सफाई कर जल निकासी को सुगम बनाया गया, जिससे क्षेत्र में वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है।