रायपुर

बस्तर के जैविक उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार, यूरोप तक पहुंचाने की तैयारी
11-Jul-2026 8:17 PM
बस्तर के जैविक उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार, यूरोप तक पहुंचाने की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग के जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में नई पहल शुरू की है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में ऐसे गांवों की पहचान कर उनका जैविक प्रमाणन कराने के निर्देश दिए, जहां आज तक रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं हुआ है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के बस्तर प्रवास के दौरान नारायणपुर और कांकेर के नक्सल मुक्त गांवों के किसानों ने बताया कि उन्होंने कभी रासायनिक उर्वरकों का उपयोग नहीं किया। ऐसे गांवों को राष्ट्रीय जैविक उत्पादन कार्यक्रम (एनपीओपी) से जोडक़र उनके उत्पादों का प्रमाणन कराया जाएगा, ताकि उन्हें देश के बड़े बाजारों के साथ यूरोप सहित अन्य विदेशी बाजारों तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जैविक प्रमाणन मिलने के बाद किसानों को अपने उत्पादों का वर्तमान मूल्य की तुलना में तीन से चार गुना अधिक दाम मिल सकता है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और बस्तर की प्राकृतिक खेती को नई पहचान मिलेगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि एपीडा, कृषि विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त दल नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर और बीजापुर जिलों का सर्वे करेंगे। इन क्षेत्रों में जैविक खेती का परीक्षण और प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रमाणित उत्पादों का निर्यात बिहान के छत्तीसकला ब्रांड के माध्यम से करने की योजना है।

उप मुख्यमंत्री ने बस्तर की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए जैविक प्रमाणन के लिए आवश्यक तीन वर्ष की अवधि में छूट देने संबंधी प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश भी दिए। साथ ही वनोपज को निर्यात के लिए तैयार करने तथा जैविक प्रमाणन की प्रक्रिया में राज्य की प्रमाणन संस्थाओं का सहयोग लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


अन्य पोस्ट