रायपुर

मलार समाज ने ओबीसी में शामिल होने सौंपा आवेदन, एक का सामाजिक बहिष्कार खत्म
11-Jul-2026 8:13 PM
मलार समाज ने ओबीसी में शामिल होने सौंपा आवेदन, एक का सामाजिक बहिष्कार खत्म

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग में सुनवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11जुलाई /छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने शिकायतों और आवेदनों पर सुनवाई  की। आयोग कार्यालय में आयोजित की गई। आयोग के अध्यक्ष  नेहरू राम निषाद, उपाध्यक्ष  श्रीमती चन्द्रकान्ति वर्मा एवं आयोग के सचिव  संकल्प साहू की उपस्थिति में मामलों की गहन समीक्षा की गई। सुनवाई के दौरान सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर एवं जशपुर जिलों से आए मलार समाज के लगभग 50 से 60 प्रतिनिधियों  ने समाज को अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल किए जाने के संबंध में एक सामूहिक आवेदन प्रस्तुत किया।  अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

आवेदक  हरिशंकर साहू द्वारा सामाजिक बहिष्कार किए जाने की शिकायत पर जिला गरियाबंद के ग्रामीण साहू संघ (मुरमुरा) के पदाधिकारी आयोग के समक्ष हाजिर हुए। पदाधिकारियों ने बताया कि आवेदक को समाज की मुख्यधारा में पुन: ससम्मान शामिल कर लिया गया है। इस संबंध में आयोग के पदाधिकारियों के समक्ष प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत किया गया।

जागेश्वर यदु द्वारा भू-अधिग्रहण के बदले मिली नौकरी से सेवा समाप्त किए जाने की शिकायत पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर के अधिकारियों ने अपना पक्ष रखा। अधिकारियों ने अवगत कराया कि यह सेवा संबंधी विवाद होने के कारण केंद्रीय कैट के अधिकार क्षेत्र में आता है। इस पर आयोग ने आवेदक को कैट में आवेदन प्रस्तुत करने कहा ।प्रदीप जायसवाल ने छत्तीसगढ़ विद्युत कंपनी में पदों की समतुल्यता निर्धारण और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण संबंधी विषयों से आयोग को अवगत कराया। मामले को गंभीरता से ले अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने अन्य पिछड़ा वर्ग क्रीमीलेयर पर समतुल्यता निर्धारण के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।

आवेदक  रामसुन्दर का बयान दर्ज किया गया, परंतु अनावेदक की अनुपस्थिति के कारण उसे आगामी तिथि पर पुन: तलब किया गया है। चूंकि यह मामला आपसी विवाद और मारपीट से संबंधित था, इसलिए आयोग ने आवेदक को संबंधित पुलिस थाने में नियमानुसार शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। सुनवाई के दौरान  अंबिका प्रसाद,  फगुन दास और श्रीमती जोगेश्वरी वर्मा के अनुपस्थित रहने के कारण आयोग ने उन्हें आगामी पेशी तिथि में दोबारा उपस्थित होने  निर्देशित किया है।


अन्य पोस्ट