रायपुर
रायपुर, 9 जुलाई। पूर्व प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने 10 जुलाई को प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू द्वारा जारी पत्र में सभी जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर पार्टी की छवि धूमिल करने तथा वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का प्रयास कर रही है। इसी के विरोध में जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों को आंदोलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के बाद विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस को भेजने के लिए भी कहा गया है।