रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जुलाई। सालभर पहले गरियाबंद इलाके से 55.205 किलो गांजा के साथ पकड़ाए आररोपियों को एनडीपीएस विशेष न्यायालय ने तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष जज शैलेश शर्मा की अदालत ने आरोपियों को 20-20 साल कारावास दिया है।
अभियोजन पक्ष के वकील ने बताया कि 26 जून 2025 को राजिम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लेटी रंग की ईको कार सीजी04एनएच-5595 में सवार व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर छुरा-कौंदकेरा के रास्ते राजिम की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को शंकर डीजे सेंटर, पथर्रा के सामने रोक लिया। वाहन में सवार तीनों आरोपियों ने अपना नाम ओमप्रकाश बंजारे, पंकज डहरिया (धैर्य) और इजराईल खान बताया। वाहन की तलाशी में पीछे की डिक्की में रखी दो प्लास्टिक बोरियों से 55.205 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों से गांजा रखने और परिवहन करने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद गांजा, ईको वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया। सभी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और जांच रिपोर्ट के आधार पर विशेष न्यायालय ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस की धारा 20(बी)(2)(ब) के तहत अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी ठहराया। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए प्रत्येक आरोपी को 20 वर्ष का कठोर कारावास तथा 2-2 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर उन्हें अतिरिक्त कारावास भी भुगतना होगा।