रायपुर

एनएसयूआई में संगठन चुनाव का ऐलान, कॉलेज कैंपस से चुना जाएगा नया नेतृत्व
06-Jul-2026 7:55 PM
एनएसयूआई में संगठन चुनाव का ऐलान, कॉलेज कैंपस से चुना जाएगा नया नेतृत्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 जुलाई। एनएसयूआई ने संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में सभी सरकारी, निजी और अन्य कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों में केवल अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान के आधार पर संबंधित इकाई के कुल 11 पदाधिकारियों का गठन किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में जिला और प्रदेश स्तर के चुनाव होंगे। इनमें केवल कॉलेज और विश्वविद्यालयों से निर्वाचित अध्यक्ष ही उम्मीदवार बन सकेंगे। मतदान का अधिकार भी सिर्फ इन्हीं निर्वाचित कैंपस अध्यक्षों को होगा।

नई व्यवस्था के तहत यूथ कांग्रेस की तरह कैंपस के बाहर सदस्यता नहीं होगी। यानी संगठन का पूरा चुनावी ढांचा कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों तक ही सीमित रहेगा।

चुनाव लडऩे के लिए आयु सीमा 16 से 27 वर्ष तय की गई है। सदस्यता शुल्क तीन वर्ष के लिए 45 रुपये रखा गया है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्क्रूटनी और इंटरव्यू भी होगा।

नई व्यवस्था से संगठन में कॉलेज और विश्वविद्यालयों के नए तथा सक्रिय छात्र नेताओं को आगे आने का अवसर मिलेगा। एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि इससे एनएसयूआई को कैंपस स्तर पर वैचारिक रूप से जुड़े नए छात्र नेताओं की मजबूत टीम तैयार करने में मदद मिलेगी।


अन्य पोस्ट