रायपुर

9.5 किलो गांजा लेकर प्रयागराज जाने निकला था, रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया अब जेल
04-Jul-2026 6:52 PM
9.5 किलो गांजा लेकर प्रयागराज जाने निकला था, रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया अब जेल

रायपुर, 4 जुलाई। एनडीपीएस स्पेशल कोर्ट में विशेष जज किरण थवाईत ने 9.5 किलो गांजा रखने के मामले में आरोपी अनुज कुमार गुप्ता को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 1 लाख रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर आरोपी को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक बी.एल. साहू ने पैरवी की।

अभियोजन के अनुसार 18 अप्रैल 2023 को जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक बैग में गांजा लेकर रेलवे स्टेशन रायपुर के प्लेटफॉर्म नंबर 5-6 पर प्रयागराज जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने एक युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनुज कुमार गुप्ता बताया।

तलाशी में उसके बैग से गांजे के दो पैकेट में 5 किलो और 4.5 किलो गांजा रखा होना पाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 9.5 किलो गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस की कार्रवाई की गई। न्यायालय ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोपी को धारा 20(बी)(2)(ब) के तहत दोषी ठहराया।


अन्य पोस्ट