रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जुलाई। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई सत्र के लिए री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, अब छात्र 15 जुलाई तक री-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इच्छुक और पात्र छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
यह सुविधा उन सभी मौजूदा छात्रों के लिए उपलब्ध है, जो अगले सेमेस्टर या नए शैक्षणिक वर्ष में अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। इग्नू के नियमों के अनुसार, अगले सत्र में प्रवेश जारी रखने के लिए री-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह री-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जुलाई सत्र के लिए आयोजित की जा रही है और इसमें ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग तथा ऑनलाइन मोड के तहत संचालित विभिन्न स्नातक , स्नातकोत्तर , डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कार्यक्रम शामिल हैं।
इग्नू ने हाल ही में जुलाई सत्र के लिए 36 पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया भी आयोजित की थी। इन कार्यक्रमों में राजनीतिक विज्ञान, लोक प्रशासन, मनोविज्ञान, मानव विज्ञान, जैव रसायन, रसायन विज्ञान सहित कई विषय शामिल हैं।
ऐसे करें आवेदन
री-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के लिए उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन करें- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट द्बद्दठ्ठशह्व.ड्डष्.द्बठ्ठ पर जाएं। होमपेज पर उपलब्ध रिरजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें।, अपने एनरोलमेंट नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें। अपने व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरणों की जांच करें। आगामी सेमेस्टर या शैक्षणिक वर्ष के लिए आवश्यक पाठ्यक्रमों का चयन करें। निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। आवेदन फॉर्म जमा करें और भविष्य के संदर्भ के लिए उसका प्रिंट या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लें।