रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जुलाई। राजधानी में बीते दिनों मारपीट की घटनाएं सामने आई है। इस दौरान शाला प्रवेश उत्सव के दिन स्कूल में हंगामा, पुरानी रंजिश के लेकर मां-बेटे और युवक से मारपीट हो गई। पुलिस ने तीनों ही मामलों में अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक डीडी नगर इलाके के एक स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विवाद हो गया। घटना पं. गिरजा शंकर मिश्र शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की है। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कुछ लोगों ने स्कूल परिसर में घुसकर हंगामा, नारेबाजी और शिक्षकों से मारपीट की। पुलिस ने 10-12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक प्राचार्य बीना शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जुलाई को स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सुजल गुप्ता, संकल्प राजकमल, आशीष सिन्हा, मन साहू, मोक्ष कुमार और उनके 10-12 साथी स्कूल परिसर में घुसकर ऑडिटोरियम की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। स्कूल स्टाफ के समझाइश देने के बावजूद वे नहीं माने।
इस दौरान युवकों ने स्कूल भवन में लगे फायर सेफ्टी यंत्र को उखाडऩे का प्रयास किया। रोकने पर शिक्षक हेमंत तिवारी, डॉ. सबा कुरैशी, भृत्य शेख अजीम सिद्दीकी सहित अन्य कर्मचारियों से धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। साथ ही महिला कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 191(2), 221, 324(3) एवं 115(2)के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मां-बेटे से मारपीट, बाइक में भी तोडफ़ोड़
खमतराई के बंजारी नगर रावांभाठा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक और उसकी मां के साथ मारपीट हो गई। इस दौरान बदमाश लडक़ों ने उसकी बाइक में तोडफ़ोड़ भी किया। नूतन साहू ने पुलिस को बताया कि 3 जुलाई की रात 11 बजे वह अपने साथी देवा साहू के साथ काम से लौट रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के अमरदास मानिकपुरी, कबीरदास मानिकपुरी, आर्यन और उनके साथियों ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दे हाथ-मुक्कों से मारपीट और बाइक में तोडफ़ोड़ कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां शांति साहू के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस हमले में नूतन को कंधे, गले, गाल और नाक पर और उसकी मां को चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रश ड्राइविंग कर रहे ई-रिक्शा की फोटो खिंचने पर, मारपीट
पुरानी बस्ती इलाके में ई-रिक्शा चालक और उसके साथियों ने एक छात्र से मारपीट कर मोबाइल फोन तोड़ दिया। प्रार्थी तुषार ने बताया कि वह 3 जुलाई की शाम 8.30 बजे अपनी बाइक से कुशालपुर जा रहा था। तभी तिरंगा चौक के पास ई-रिक्शा चालक ने अचानक रिक्शा रोक दिया। गलत गाड़ी चलाने को लेकर तुषार ने ई-रिक्शा का मोबाइल से फोटो खींचा तो चालक और उसके साथी भडक़ गए। और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने मोबाइल छीन कर तोड़ दिया।