रायपुर

श्रीराम जानकी मंदिर पिपरिया ट्रस्ट, नए ट्रस्ट के गठन पर विवाद
04-Jul-2026 6:41 PM
श्रीराम जानकी मंदिर पिपरिया ट्रस्ट, नए ट्रस्ट के गठन पर विवाद

संतों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 4 जुलाई। कबीरधाम जिले के  नगर पंचायत पिपरिया स्थित श्री राम जानकी (छोटे) मंदिर में नए ट्रस्ट के गठन को लेकर विवाद सामने आया है। इस मामले में संत समुदाय ने कबीरधाम जिला मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया और बाद में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।

नए ट्रस्ट के प्रस्ताव पर संतों की आपत्ति

संत समुदाय का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष धुरवा राम साहू और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नेताम ने पिपरिया के राम जानकी (छोटे) मंदिर में नए ट्रस्ट के गठन का प्रस्ताव पारित कर कलेक्टर कार्यालय भेजा है। संतों का कहना है कि यह कदम उचित नहीं है क्योंकि इस स्थान पर पहले से ही अखाड़े का ट्रस्ट क्रियाशील है। संतों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के इस कदम की आलोचना की है।

अखाड़े की संपत्ति और जमीन की बिक्री पर संतों का पक्ष

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में संतों ने स्पष्ट किया है कि पिपरिया का श्री राम जानकी (छोटे) मंदिर निर्मोही अखाड़े से संबंधित स्थान है। यहाँ के महंत मोहित दास इसके सवर्राकार हैं और अखाड़ा संस्था स्वयं एक निहंग नागा साधुओं की ट्रस्ट संस्था है।

ज्ञापन में संतों ने मंदिर की संपत्तियों को लेकर कहा- यदि कोई महंत भगवान की संपत्ति को बेचता है, तो वह अनुचित है। हालांकि, महंत मोहित दास ने प्रशासनिक सहमति से लगभग 60 डिसमिल जमीन का विक्रय (बिक्री) किया था। इस राशि का उपयोग नए मंदिर और भवन के निर्माण कार्यों में किया गया है। यदि भविष्य में आगे और जमीन बेची जाती है, तो पूरा संत समाज इस पर कार्रवाई करेगा। ऐसी स्थिति में यहाँ सरकारी ट्रस्ट बनाना न्यायसंगत नहीं है।

संत समुदाय ने प्रशासन से मांग की है कि वर्तमान अखाड़ा ट्रस्ट की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस मामले में उचित निर्णय लिया जाए।

 

 

 

 

 


अन्य पोस्ट