रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब छत्तीसगढ़ के सभी हिस्सों में सक्रिय हो चुका है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग नेे मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर तक फैला है और इसके अगले दो-तीन दिनों में और अधिक मजबूत होने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए मौसमी द्रोणिका सक्रिय है, जबकि एक विंड शियर जोन भी प्रदेश के ऊपर प्रभावी है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मानसून के दस्तक के साथ ही खेती-किसानी में तेजी
48.69 लाख हेक्टेयर में बोनी का लक्ष्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। प्रदेश में मानसून के दस्तक के साथ ही खेती किसानी का कार्य तेजी के साथ शुरू हो गया है। राज्य में 02 जुलाई की स्थिति में 6.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्रों में लक्ष्य का 13 प्रतिशत बोनी हो चुकी है। इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सहुलियतें प्रदान करने संबंधित अधिकारियों निर्देशित किए गए हैं। उन्होंने किसानों को उनकी मांग के अनुसार सुगमता के साथ प्रमाणित खाद-बीज का वितरण करने को कहा हैं। खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भण्डारण कर सतत निगरानी करने को कहा है।
प्रदेश के किसानों को अब तक 7.28 लाख टन खाद और 3.09 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है। राज्य में अब तक 7.28 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों जैसे धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल आदि की बोनी हो चुकी है, जो लक्ष्य का 13 प्रतिशत है। कृषि अधिकारियों ने बताया कि 02 जुलाई 2026 की स्थिति में प्रदेश में अब तक 96.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है।
अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष खरीफ 2026 के लिए बीज निगम द्वारा प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 4.30 लाख क्विंटल बीज का भंडारण कर अब तक 3.09 लाख क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जो मांग का 62 प्रतिशत है। खरीफ सीजन में 15.55 लाख टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त लक्ष्य के विरूद्ध 13.16 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में भंडारण किया गया है। उक्त भंडारण के विरूद्ध 7.28 लाख टन उर्वरकों का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 47 प्रतिशत है।