रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। बीमा कर्मियों के अखिल भारतीय संगठन ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन का 76 वाँ स्थापना दिवस देश भर में धूमधाम से मना द्य इस क्रम में रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन ने मंडल कार्यालय सहित समस्त 16 शाखा इकाईयों में प्रात: संगठन का ध्वज फहराया। इसके पश्चात दिन भर सभाओं, समाज सापेक्ष कार्यों एवं अन्य विविध आयोजनों के साथ यह उत्सव जारी रहा।
एल आई सी के मंडल कार्यालय में कर्मचारियों, अधिकारियों, अभिकर्ताओं, पेंशनर्स एवं ठेका कर्मियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मराज महापात्र ने कहा कि 1956 में राष्ट्रीयकृत संस्थान के रूप में भारतीय जीवन बीमा निगम अस्तित्व में आई। अपने 75 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा में ए आई आई ई ए के नेतृत्व में बीमा कर्मियों ने संघर्ष, त्याग व प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग के अभूतपूर्व विकास में अपना योगदान देते हुए इसकी हिफाज़त की लड़ाई भी जारी रखी है। इसके पश्चात सभी साथियों ने संगठन की मजबूती एवं श्रमिक हितों की रक्षा हेतु शपथ ग्रहण की द्य इसके पश्चात 76 गुब्बारे उड़ाये गए।
दोपहर को केक काटा गया एवं कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। सभा को महासचिव गजेन्द्र पटेल ने संबोधित करते हुए एल आई सी में सरकारी हिस्सेदारी को पुन: स्टॉक मार्केट के माध्यम से बेचे जाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए इसके खिलाफ जारी संघर्ष को तेज करने पर जोर दिया।