रायपुर

फर्जी ऑडियो वायरल मामले में भाजपा प्रवक्ता ने दर्ज कराई शिकायत
02-Jul-2026 7:58 PM
फर्जी ऑडियो वायरल मामले में भाजपा प्रवक्ता ने दर्ज कराई शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जुलाई। नकटी प्रकरण पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी से कथित बातचीत का सोशल मीडिया पर ऑडियो प्रसारित किए जाने के मामले में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने ऑडियो को फर्जी करार दिया है, और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कहा गया  कि पिछले एक दिन से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसे नया रायपुर के एक भाजपा पदाधिकारी और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बीच हुई बातचीत बताया जा रहा है। शिकायत में यह कहा गया कि ऑडियो सुनने से यह गढ़ी हुई और फर्जी रिकॉर्डिंग प्रतीत होती है। इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि दोनों पक्षों का कहना है कि उनके बीच ऐसी कोई बातचीत कभी हुई ही नहीं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदेश में तनाव और भ्रम का माहौल बनाने तथा वित्त मंत्री की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से इस तरह का दुष्प्रचार किया जा रहा है। गौरीशंकर श्रीवास ने पुलिस से मामले में उचित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर फर्जी ऑडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर जानबूझकर प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

शिकायत के साथ वायरल ऑडियो से जुड़े कुछ सोशल मीडिया लिंक भी पुलिस को सौंपे गए हैं, ताकि मामले की जांच की जा सके।


अन्य पोस्ट