रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जुलाई। विधानसभा के अंतर्गत ग्राम मटिया स्थित एक सोलर पावर प्लांट में लगे ट्रांसफार्मर में तोडफ़ोड़ कर अज्ञात बदमाशों ने 35 लाख का नुकसान पहुंचा दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 324(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुढियारी निवासी विनय शर्मा 31, जो स्पंज इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में मैनेजर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी कंपनी का सोलर पावर जनरेशन प्लांट ग्राम मटिया में स्थित है। प्लांट में बिजली आपूर्ति के लिए 1300 केवीए, 33 केवी, 800 वॉट कॉपर वाउंड ट्रांसफार्मर लगाया गया था। 11 अप्रैल की सुबह प्लांट कर्मचारियों ने सूचना दी कि अज्ञात लोगों ने ट्रांसफार्मर को तोडफ़ोड़ कर दिया है। ट्रांसफार्मर के भीतर लगे कई उपकरण खोलकर भी ले गए। इस घटना से कंपनी को लगभग 35 लाख का नुकसान हुआ।
विनय शर्मा ने पुलिस को बताया कि काम के सिलसिले में बाहर होने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। इसके बाद 30 जून 2026 को विधानसभा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पुलिस के मुताबिक नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण की ओर से तहसीलदार एवं सहायक प्रबंधक राखी ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 29 जून की रात करीब 2.45 बजे सेक्टर-24 स्थित झांझ सतनाम चौक के पास एनआरडीए की पेट्रोलिंग टीम ने कुछ लोगों को केबल चोरी करते देखा। टीम ने उनका पीछा कर पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। शिकायत में यह भी बताया गया कि नवा रायपुर के अलग-अलग जगहों पर कुछ दिनों से सरिया, सडक़ों के डिवाइडरों में लगी लोहे की रेलिंग, जालियां और केबल तार गायब हो रहें हैं। इन वारदातों से चोरी गए सामान की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है।