रायपुर
गरीबों का मकान तोडऩा अमानवीय..
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जुलाई। नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी गांव के 85 घरों को तोड़ दिया गया, जिनमें करीब 25 मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने थे। उन्होंने इस कार्रवाई को अनैतिक, अमानवीय और गैरकानूनी बताया।
बैज ने राजीव भवन में मीडिया से चर्चा में कहा कि सरकार गरीबों के घर तोडक़र आईएएस, आईपीएस अधिकारियों और विधायकों के लिए आवास बनाना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि बारिश शुरू होने के बाद इस तरह की कार्रवाई करना पूरी तरह गैरकानूनी है। बैज कहा कि विस्थापित परिवारों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट दिए गए हैं, लेकिन 15 से 25 लोगों के परिवार को एक ही फ्लैट दिया गया है। वहां बिजली, पंखा, पानी और खिडक़ी तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित मंत्री दो घंटे उन कमरों में रहकर देखें। चौथी मंजिल पर बने फ्लैटों में बुजुर्ग कैसे चढ़ेंगे, इसका जवाब सरकार दे। उन्होंने पूछा कि बिना समुचित व्यवस्थापन के यह कैसा विस्थापन है।
बैज ने कहा कि आदिवासी विधायक जनक ध्रुव ने सीएम को पत्र लिखकर कहा है कि किसी गरीब का घर तोडक़र विधायक आवास नहीं चाहिए। विधायक चातुरी नंद ने भी इसी आशय का पत्र लिखा है। बैज ने दोनों विधायकों का धन्यवाद देते हुए सभी विधायकों से अपील की कि वे वहां बनने वाले आवास का बहिष्कार करें।
कांग्रेस ने राज्य सरकार से मांग की कि वह अपनी गलती स्वीकार करे, जिन गरीबों के मकान तोड़े गए हैं उनसे माफी मांगे, प्रभावित ग्रामीणों को उसी स्थान पर जमीन उपलब्ध कराए और उनके नुकसान की भरपाई करते हुए उचित मुआवजा दे।
दूसरी ओर, कांग्रेस के विधायकों ने नकटी में अपने मकान के लिए जमीन लेने से मना कर दिया है। मंगलवार को जनक राम ध्रुव ने इसकी घोषणा की थी, और आज चातुरीनंद ने सीएम साय को पत्र जारी कर भूखंड न लेने की बात कही है।