रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जुलाई। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लंबे समय से पदस्थ निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले की मांग को लेकर मंगलवार को उनके परिजन पुलिस मुख्यालय पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि चार दिन पहले समय मांगने के बावजूद डीजीपी ने उनसे मुलाकात नहीं की, जबकि अन्य लोगों से मुलाकात जारी रही।
परिजनों का दावा है कि करीब 200 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के माता-पिता, पत्नी, बच्चे और अन्य परिजन डीजीपी से यह जानने पहुंचे थे कि लंबे समय से नक्सल क्षेत्रों में पदस्थ पुलिसकर्मियों का तबादला कब किया जाएगा। उनका कहना है कि संबंधित पुलिसकर्मी 8 से 10 वर्षों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं और कई बार स्थानांतरण के लिए आवेदन भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ।
परिजनों ने यह भी कहा कि हाईकोर्ट में दायर याचिका पर पुलिस विभाग की ओर से जवाब दिया गया था कि अनुसूचित क्षेत्रों में पदस्थ कर्मचारियों का तीन वर्ष बाद मैदानी क्षेत्रों में स्थानांतरण किया जाता है। ऐसे में उनका सवाल है कि यदि यह नीति लागू है, तो 8 से 10 वर्षों से बड़ी संख्या में निरीक्षक और उपनिरीक्षक नक्सल क्षेत्रों में क्यों पदस्थ हैं।
संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने आरोप लगाया कि पूर्व सूचना देने के बावजूद डीजीपी ने पुलिस परिवारों से मुलाकात नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश स्थानांतरण नहीं हो पा रहा है, तो पुलिस परिवारों को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और परिजनों को डीजीपी से मिलने नहीं दिया गया।