रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। प्री मानसून के इंतजार में पूरा जेठ (जून) बीत गया । सूर्य की तपिश के बीच बादलों की लुका छिपी चलती रही। और आज अंतिम दिन मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने की पुष्टि की है। वहीं कल से आषाढ़ का महीना भी लग रहा है। लोगों को इंद्र देवता से उम्मीदें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम सुकमा से सूरजपुर तक 31 जिलों के लिए यलो आरेंज और ग्रीन अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40-60 किमी की रफ्तार से आंधी चलेगी और गरज चमक के साथ भारी बारिश की भी संभावनाएं जताई गई है। वहीं एक जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना जताई है। राजधानी में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल नजर आ रहे हैं।
पिछले 24 घंटों में सभी संभागों में कुछ जगहों पर देर रात से मध्यम वर्षा हुई. आंकड़ों के अनुसार सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा, मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं मर्रीबंगला देवरी, नारायणपुर, जगरगुंडा, जगदलपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया, गंगालूर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानी के अनुसार समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका पंजाब से हरियाणा और उत्तरप्रदेश से होते हुए बिहार तक स्थित है। एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी तेलंगाना और आस-पास के इलाकों में बना हुआ है और अब यह समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार, अधो हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम से होते हुए मणिपुर तक 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।इनके प्रभाव से प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात और भारीवर्षा की चेतावनी दी गई है।
राजधानी में आज बादल छाए रह सकते हैं।मौसम विभाग ने तेज हवाएं और बारिश की संभावनाएं जताई है। इसके चलते अधितकम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।