रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। गांजा, शराब और अन्य ड्रग्स के तस्कर गिरोह के सरगना रहे मुकेश उर्फ मुकेश बनिया की लगभग 42 लाख की संपत्ति को सफेमा के तहत सीज़ किया है। इससे पहले सेंट्रल ज़ोन पुलिस ने रवि साहू की 6.50 करोड़ की संपत्ति सीज़ की थी।
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार मुकेश उर्फ मुकेश बनिया शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का सक्रिय रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व से 31 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या, बलवा, मारपीट, गुंडागर्दी एवं अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। 26 फरवरी 26 को उसे गिरफ्तार किया गया था? उस दिन उसके कब्जे से लगभग 6.119 किलोग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां तथा अन्य सामग्री बरामद की गई थी। इसके पूर्व आरोपी द्वारा संचालित आधुनिक तकनीक से लैस गांजा हाइडआउट का भी पर्दाफाश किया गया था। वह अपने नेहरू नगर स्थित घर में छोटी पैकिंग फैक्ट्री भी चलाता था। कमिश्नरी सिस्टम लागू होने से पहले उसे पुलिस के निचले स्तर के कर्मियों का भी संरक्षण मिला हुआ था। इसका फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल होता रहा। उसके आपराधिक गतिविधियों एवं समाज पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए उसके विरुद्ध पूर्व में पिट एनडीपीएस एक्ट 1988 के अंतर्गत डिटेंशन ऑर्डर भी जारी कराया जा चुका है। इसके उपरांत आरोपी के अवैध आर्थिक नेटवर्क की विस्तृत जांच प्रारंभ की गई। उसने
एक आवासीय मकान एवं तीन वाहन मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धनराशि से खरीदा है। इस आधार पर थाना सिटी कोतवाली द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ (1) के अंतर्गत लगभग ?42 लाख मूल्य की उक्त संपत्तियों को फ्रीज किए जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।
आदेश के प्रभावी होने के पश्चात संबंधित संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना बेचना, हस्तांतरित करना, गिरवी रखना अथवा किसी अन्य प्रकार से उपयोग करना संभव नहीं होगा।
अब संबंधित पक्षों को उक्त संपत्तियों के वैध आय स्रोत के संबंध में सक्षम प्राधिकारी के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। यदि संपत्तियों का वैध स्रोत स्थापित नहीं किया जाता है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए उन्हें स्थायी रूप से शासन के पक्ष में जब्त किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।