रायपुर
कांग्रेस के दिग्गज ग्राम नकटी पहुंचे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। धरसींवा के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित लोगों के समर्थन में कांग्रेस खुलकर सामने आ गई है। इस कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मंगलवार को प्रभावित परिवार के लोगों से मुलाकात की। उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके हक में लड़ाई लड़ेगी, और जरूरत पडऩे पर कोर्ट भी जाएगी।
नकटी में सोमवार को प्रशासन ने अभियान चलाकर सरकारी जमीन पर काबिज 77 मकानों को तोडऩे की कार्रवाई की। इसको लेकर लोगों में काफी गुस्सा है, और भारी विरोध प्रदर्शन भी हुआ। प्रभावित 60 परिवारों को नवा रायपुर के सेक्टर-30 में मकान भी उपलब्ध कराया गया है। मगर प्रभावित परिवार इससे संतुष्ट नहीं है।
मंगलवार को बैज और भूपेश बघेल के साथ पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा व धनेन्द्र साहू के अलावा प्रदेश और जिला कांग्रेस के नेता नकटी पहुंचे। उन्होंने पीडि़त परिवारों के लोगों से मुलाकात की। पीडि़तों ने उन्हें बताया कि शासन की तरफ से उन्हें नहीं हटाने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन एकाएक कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने नवा रायपुर अव्यवस्था को लेकर भी जानकारी दी।
प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले को लेकर सडक़ की लड़ाई लड़ेगी। पीडि़तों को उनका हक दिलाया जाएगा। पूर्व सीएम ने यहां तक भरोसा दिलाया कि जरूरत पडऩे पर प्रभावितों के पक्ष में हाईकोर्ट भी जाएंगे।
चर्चा के दौरान शहर जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, ग्रामीण अध्यक्ष पप्पू बंजारे, पूर्व अध्यक्ष ऊधोराम वर्मा, पूर्व विधायक अनिता शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।
ओपी के घर जाते तो नहीं टूटता...
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आश्वासन के बावजूद तोडफ़ोड़ की कार्रवाई पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को ये थोड़े ही पता है कि बृजमोहन अग्रवाल और विष्णुदेव साय की बिल्कुल नहीं बनती। वो सांसद हैं इसलिए चले गए। यदि गरीब लोग ओपी चौधरी के घर चले जाते तो मकान नहीं टूटता।