रायपुर
पूरी जमीन का परीक्षण करने जेसी और ईई से कहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 जून। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने मंगलवार को वार्ड 51 के जोरा की भाठापारा बस्ती पहुंची।
इस बस्ती में बारिश के दौरान गंदे पानी की निकासी की समस्या को लेकर स्थल निरीक्षण किया।
स्थल पर एक निजी भूखण्ड क्षेत्र में पानी का प्राकृतिक ढलान होना पाया गया । जिसके कारण विगत कई वर्षों से भाठापारा बस्ती में जलभराव की समस्या नहीं होने एवं बारिश में गंदा पानी प्राकृतिक ढलान से आगे निकलकर निकास हो जाने की जानकारी रहवासियों ने स्थल पर महापौर को दी। वर्तमान में बिल्डर राजेश अग्रवाल द्वारा उक्त भूखण्ड को क्रय करके वहां निर्माण के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके कारण सम्बंधित भाठापारा बस्ती के रहवासियों को इस बार बारिश में जलभराव की आशंका बढ़ गई है।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने वार्ड पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू की उपस्थिति में भाठापारा बस्ती के रहवासियों की मांग पर गंदे पानी के निकास की समस्या के समाधान हेतु सम्बंधित स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश देने का आश्वासन रहवासियों को दिया था। आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने स्थल निरीक्षण कर बस्ती के रहवासियों को दिया गया अपना आश्वासन पूरा किया।
महापौर चौबे ने बिल्डर राजेश अग्रवाल को बुलवाया एवं उनसे स्थल पर वार्ड पार्षद एवं रहवासियों की उपस्थिति में निकास समस्या पर चर्चा की । महापौर ने मानसून के दौरान निर्माण कार्य के नाम पर बस्ती के निकास के रास्ते में बाउंड्रीवाल निर्माण नहीं करने सम्बंधित भवन स्वामी बिल्डर को कहा है। ताकि बारिश में जल भराव की समस्या बस्ती में उत्पन्न ना होने पाए और नागरिको को इसके चलते कोई असुविधा ना होने पाये। महापौर ने अधिकारियों को मानसून के बाद बस्ती के गंदे पानी की सुगम निकासी के प्रबंधन हेतु नाला निर्माण का प्रस्ताव बनाकर शीघ्र कार्यवाही करने निर्देशित किया है। संबंधित भूमि स्वामी बिल्डर को भाठापारा बस्ती क्षेत्र की गंदे पानी की निकासी की समस्या दूर करने सहयोग करने कहा है।
महापौर ने जोरा बस्ती के तालाब का निरीक्षण सौंदर्यीकरण पीपीपी मॉडल पर करने शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश जोन कमिश्नर एवं कार्यपालन अभियंता को स्थल पर दिये।