रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जून। राजधानी की विभिन्न रेसिडेंशियल सोसायटियों ने फेडरेशन ऑफ रेसिडेंशियल सोसायटीज़ का गठन किया है। इस नवगठन के साथ ही फेडरेशन ने कुछ बिल्डरों की मनमानी, परियोजनाओं के अधूरे हैंडओवर तथा रेरा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गठन के पश्चात पाम बेलाजियो में फेडरेशन की पहली बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर की 30 से अधिक सोसायटियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी सोसायटी की समस्याओं, बिल्डरों से उत्पन्न परेशानियों तथा हैंडओवर एवं मेंटेनेंस से जुड़ी कठिनाइयों से एक-दूसरे को वन-टू-वन अवगत कराया, जिससे साझा समाधान की दिशा में ठोस आधार तैयार हुआ।
प्रतिनिधियों का आरोप है कि रेरा बिल्डरों के पक्ष में एकतरफा कार्य कर रहा है, जिससे रहवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि रेरा ने अपने ही अधिनियमों का पालन ग्राहकों और नागरिकों के लिए नहीं किया, तो फेडरेशन सभी सोसाइटी निवासियों के हित में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दाखिल करेगी। इसके साथ ही हर 15 दिन में अलग-अलग सोसायटियों में नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन इस दिशा में फेडरेशन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन पहले ही दे चुका है। संगठन आगे चलकर रायपुर के अलावा दूसरे जिलों में भी अपना विस्तार करेगा। रायपुर की 30 से अधिक रेसिडेंशियल सोसायटियों ने एकजुट होकर फेडरेशन ऑफ रेसिडेंशियल सोसायटीज का गठन किया है।बिल्डरों की मनमानी और नियमों की अनदेखी पर फेडरेशन ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में दाखिल करने का निर्णय लिया है। फेडरेशन आगामी 15 दिनों के भीतर अपनी अगली बैठक रणनीति तय करने के लिए करेगी।