रायपुर

सभी सरकारों ने आर्थिक क्षति पहुंचाई, आदेश के विरुद्ध अपील करना इसका प्रमाण है-पेंशनर
29-Jun-2026 8:10 PM
सभी सरकारों ने आर्थिक क्षति पहुंचाई, आदेश के विरुद्ध अपील करना इसका प्रमाण है-पेंशनर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जून। छत्तीसगढ़ राज्य में कार्यरत शासकीय कर्मचारियों अधिकारियों एवं पेंशनरों को सभी सरकारों ने आर्थिक क्षति पहुंचाई है। पेंशनरों को 32 माह का एरियस देने के आदेश के विरुद्ध राज्य सरकार द्वारा अपील किया जाना इस बात का प्रमाण है। कर्मचारी नेता, छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के संरक्षक विजय कुमार झा ने आगे कहा है कि जिस किसी की भी राज्य में सरकार रही हो, वह कर्मचारी व पेंशनरों को देय तिथि से कभी महंगाई भत्ता न देकर 1 जनवरी 1 जुलाई के बदले अप्रैल सितंबर आदि काल्पनिक तिथियों से मुख्यमंत्री के जन्मदिन से देकर हमेशा आर्थिक क्षति पहुंचाई है। श्री झा ने कहा है कि इसी प्रकार प्रत्येक 10 वर्ष में वेतन आयोग का लाभ मिलना चाहिए। जो 1 जनवरी 96, 1 जनवरी 2006 1 जनवरी 16 से मिलना चाहिए लेकिन उसका वास्तविक लाभ अगली तिथि से देकर अंतर की एरियस राशि को सरकार खाते में जमा करने की बात करती रही है। श्री झा ने कहा है कि अब पेंशनरों व 2006 से 2008 के बीच के अंतर की राशि को उनके आर्थिक अधिकारों को प्रदान करने संबंधी उच्च न्यायालय के एकल पीठ के आदेश के विरुद्ध डबल बेंच में अपील करना इस बात को प्रमाणित करता है कि राज्य सरकार ववोवृद्ध कर्मचारियों के अधिकारों से वंचित कर आर्थिक क्षति पहुंचाना चाहती है। यदि राज्य सरकार डबल बेंच के आदेश का भी पालन न कर सर्वोच्च न्यायालय में अपील करती है तो भी यह सिद्ध होगा कि राज्य सरकार पेंशनरों व कर्मचारियों को आर्थिक क्षति पहुंचाना चाहती है। श्री झा ने कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय का आदेश है, कि कानून के समक्ष समानता का अधिकार है। लेकिन राज्य में केंद्रीय अधिकारियों आईएएस आईपीएस आईएफएस मंत्रालय में बैठकर राजकोष से पर्याप्त राशि प्राप्त कर लेते हैं।जब कर्मचारियों की देने की बात आती है तो यही अधिकारी आर्थिक संकट का टीप अंकित कर अपने निचले स्तर के लाखों पेंशनरों कर्मचारियों को उनके अधिकारों से वंचित करते हैं। श्री झा ने मुख्य सचिव से मांग की है कि तत्काल उच्च न्यायालय के डबल बेंच का आदेश का पालन राज्य में करते हुए पेंशनरों तथा समय-समय पर कर्मचारियों के महंगाई भत्ता व वेतनमान में देय तिथी के विपरीत अन्य काल्पनिक तिथियों से दिए गए एरियस की राशि को भुगतान करने की व्यवस्था करें। श्री झा ने अपील की है कि जिस तरह महतारी वंदन एवं किसानों के खाते में राशि दी जाती है, वैसे ही कर्मचारियों के राशि को भुगतान किया जाए। जो दिवंगत हो गए हैं उनके परिजनों को भुगतान किया जाए। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग को भी इसे सब ज्ञान में लेना चाहिए कि जो पेंशनरआर्थिक अभाव में दवा के अभाव में दिवंगत हो गएयदि यह राशि समय पर मिलती तो उनका उपयोग कर सकते थे प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार है और ट्रिपल पेंशन योजना लागू है। एक देश, एक कानून, एक संविधान की भांति  एक पेंशन पुरानी पेंशन लागू की जानी चाहिए।


अन्य पोस्ट