रायपुर

आपातकाल पर निबंध प्रतियोगिता के विजेता 28 को होंगे सीएम के हाथों सम्मानित
26-Jun-2026 6:34 PM
आपातकाल पर निबंध प्रतियोगिता के विजेता 28 को होंगे सीएम के हाथों सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 जून। आपातकाल की यातनाओं को झेलने वाले लोकतंत्र सेनानियों और परिजनों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 28 जून को सम्मानित करेंगे।

लोकतंत्र सेनानियों के सम्मेलन में  आपातकाल योद्धा संदर्भ ग्रंथ स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। लोकतंत्र सेनानी संघ व प्रहरी के संयुक्त तत्वाधान में विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर प्रदेश स्तर की आपातकाल कभी विस्मृत न हो एवं 25 जून संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता इन विषयों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।  मुख्यमंत्री द्वारा विजयी प्रथम, द्वितीय, तृतीय चयनित छात्रों को विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर 31000, 21000 व 11000 रुपए नगद पुरस्कार दोनों स्तरों पर मय स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। उसी प्रकार सभी 520 शामिल विद्यार्थियों सहित विद्यालय व महाविद्यालय के प्राचार्य को भी मुख्यमंत्री  सम्मानित करेंगे।

यह  आयोजन रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में रविवार को 11:00 बजे से आयोजित है।  कार्यक्रम में आपातकाल का काला इतिहास एवं संविधान हत्या दिवस विषय पर प्रबुद्ध वक्ताओं के व्याख्यान भी होंगे।  सम्मेलन के मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार होंगे।

लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने बताया कि प्रदेश के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से ससम्मान निमंत्रण पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं। निबंध प्रतियोगिता व कार्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षण संस्थान मोबाइल नंबर 9425202652 एवं 9425552092 पर संपर्क कर सकते हैं।

पत्रकार वार्ता में  राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने के साथ रायपुर जिला अध्यक्ष सुहास देशपाण्डेय उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट