रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जून। अभनपुर मेेंं दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी हो गई। अज्ञात ने मकान का ताला तोडक़र नकदी और सोने के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ 305ए 331-4 का अपराध दर्ज कर किया है।
सिमरन बारले ने बताया कि वह श्रीकृष्णा मल्टी अस्पताल अभनपुर में नर्स हैं, 20 जून को वह अपने कमरे में ताला लगाकर सुबह ड्यूटी पर चली गई थीं। दोपहर 1.30 बजे जब उनकी मां घर लौटीं तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के भीतर जाकर देखने पर आलमारी और लॉकर के ताले भी टूटे हुए थे। कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर लॉकर में रखे 13 हजार रुपए नकद और एक सोने की माला गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत 38 हजार रुपए बताई गई है।
इस बारे में आसपास खोजबीन करने पर भी कोई जानकारी नहीं हुई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उधर भाठागांव बस स्टैंड में बीती रात एक यात्री बस की दो बैटरियां चोरी हो गई। भिलाई के आनंद नगर, स्मृति नगर निवासी आशीष, जो रायपुर बस सर्विस में मैनेजर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई है कि 20 जून की शाम बस सीजी-07 सीआर 7112 को भाठागांव बस स्टैंड के प्लेटफॉर्म नंबर-10 के सामने खड़ा किया गया था। रात करीब 10 बजे तक कंपनी के कर्मचारी बस के आसपास मौजूद थे।
अगले दिन 21 जून की सुबह जब चालक धनेश साहू बस स्टार्ट करने का प्रयास किया तो बस चालू नहीं हुई। जांच करने पर पता चला कि बस में लगी दो बैटरियां गायब हैं। चोरी गई दोनों बैटरियों की कीमत 17 हजार बताई गई है।