रायपुर
नंदकुमार साय की मीडिया से चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जून। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार साय ने बुधवार को कहा कि धर्मांतरण सिर्फ जनजाति नहीं बल्कि साहू, और दूसरे समाजों में भी हो रहा है। यह एक बड़ा षडय़ंत्र है। इसको सख्ती से रोका जाएगा।
साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि आदिवासी समाज के अलावा साहू, और कई अन्य समाज के लोग बड़ी संख्या में धर्म परिवर्तन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुनियोजित तरीके से धर्म परिवर्तन हो रहा है।
आयोग के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि धर्मांतरण रोकने के लिए सरकार ने कानून बनाया है। धर्म स्वातंत्र्य कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डिलिस्टिंग की वजह से आदिवासी आरक्षण में कमी की आशंका, और कांग्रेस के आरोप पर साय ने कहा कि आदिवासी समाज में अलग-अलग धर्म, और परंपरा को मानने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि डिलिस्टिंग की वजह से आदिवासी आरक्षण में किसी तरह की कमी नहीं आएगी।