रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जून। पॉवर कंपनी में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के अपने नियमितिकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन काम बंद आंदोलन पर हैं। पूरे प्रदेश में 2471 कर्मचारी हड़ताल पर थे। संघ के अध्यक्ष हरिचरण साहू, महामंत्री कमलेश भारद्वाज ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि संघ को उच्च प्रबंधन के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया था किंतु सक्षम अधिकारी उपस्थित ही नहीं हुए, जिससे संघ के प्रतिनिधियों को नियमितिकरण के विषय में बात रखने का अवसर नहीं दिया गया। इसके बाद ही अनिश्चितकालीन कामबंद को जारी रखने के लिए विवश हैं।
पूर्व में भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही पॉवर कंपनी में 2007, 09, और 11 में संविदा भर्ती कर दो वर्ष पश्चात् नियमितिकरण किया था। किंतु 2016 और 18 में संविदा पद पर भर्ती किए गए कर्मचारियों को क्रमश: 10 वर्ष और 08 वर्ष बाद भी संविदा पर बनाए रखा गया है। जबकि कंपनी में नियमित कर्मचारियों की भारी कमी है?। इनकी जगह संविदा कर्मचारियों से दबाव पूर्वक काम लिया जा रहा है। साहू ने कहा कि यह आंदोलन, मात्र एक औपचारिक लड़ाई नहीं अपितु कर्मचारियों उनके परिवारों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का प्रश्न है। विदित हो कि अब तक विद्युत दुर्घटनाओं में 41 साथी असमय दिवंगत हुए हैं । क?ई दुर्घटनाओं में स्थायी/अस्थायी रूप से अपंगता का शिकार हो चुके हैं। इसके पश्चात् भी ! संविदा कमचारियों के प्रति कंपनी प्रबंधन का रवैया उदासीन बना हुआ है। नियमितिकरण की दिशा में किसी भी प्रकार की प्रक्रिया से अवगत कराने में कंपनी प्रबंधन सदैव गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार परिलक्षित करता है।