रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी स्थित निवास में प्रख्यात शिक्षाविद्,भारत के प्रथम उद्योग मंत्री, राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की राजनीति को वैचारिक आधार प्रदान किया तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनके विचारों को आत्मसात कर ही हम राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकते हैं। इस अवसर पर खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, राम गर्ग सहित अन्य उपस्थित थे। लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और को सुदृढ़ करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित श्रद्धांजलि दी।
भाजपा का आज से 6 जुलाई तक मुखर्जी संस्मरण पक्ष
रायपुर, 23 जून। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रभक्त डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस (23 जून) से लेकर उनकी जयंती (06 जुलाई) तक भाजपा पूरे प्रदेश में स्मरण पखवाड़ा का आयोजन करने जा रही है। कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी नन्दन जैन ने बताया कि इस दौरान सभी बूथों पर बूथ समिति के सदस्यों, प्राथमिक सदस्यों एवं शुभचिंतकों की उपस्थिति में 23 जून व 6 जुलाई को पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलनों में डॉ. मुखर्जी के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान प्रकाश डाला जाएगा। सभी प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की स्मृति में भाजयुमो द्वारा छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शैक्षणिक परिसर के बाहर आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार प्रत्येक नगर एवं शहर में किसी चौराहे, उद्यान अथवा मार्ग का नामकरण, डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा अथवा चित्र का अनावरण भी किया जाएगा।