रायपुर

निर्माण और जन सुविधा वाले कार्यों की सक्रियता से करें मॉनिटरिंग - शंगीता
23-Jun-2026 7:28 PM
निर्माण और जन सुविधा वाले कार्यों की सक्रियता से करें मॉनिटरिंग - शंगीता

103 निकायों के नोडल अधिकारियों ने दी रिपोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 जून। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने  सोमवार को नगरीय निकायों के कार्यों की मॉनिटरिंग व समन्वय के लिए जिलेवार नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर उनके कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय में आयोजित बैठक में सभी निगमों,  पालिकाओं नगर पंचायतों में निर्माण और जन सुविधाएं विकसित करने के कार्यों को गति देने सक्रियता एवं गंभीरता से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने निकायों की समस्याओं का हल निकालकर विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने को कहा।

बैठक में सभी नोडल अधिकारियों से उनके नगरीय निकायों के भ्रमण और बैठकों का फीडबैक दिया । संगीता कहा कि  विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों के लिए पिछले दो वित्तीय वर्षों में कितनी राशि जारी की गई है, इसकी भी जानकारी रखें। उन्होंने निकायों में प्रगतिरत निर्माण कार्यों के साथ  केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की भी हर महीने समीक्षा करने के निर्देश दिए।

श्रीमती शंगीता आर. ने नोडल अधिकारियों को आबंटित जिले के आय-व्यय की स्थिति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो निकाय खुद की आय से अपनी सभी व्यवस्थाएं कर सकते हैं, उन्हें इसके लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने निकायों में लक्ष्य निर्धारित कर वार्डवार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को सेचुरेट करने को कहा।  विभाग के संचालक  आर. एक्का, उप सचिव  भागवत जायसवाल, हुडा के सीईओ शशांक पाण्डेय, नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक  पुलक भट्टाचार्य और मुख्य अभियंता  राजेश शर्मा भी बैठक में मौजूद थे।

विगत 6 जून को एक साथ सभी नोडल अधिकारियों ने अपने जिलों में पहुंचकर 103 निकायों में योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।


अन्य पोस्ट